India's No.#1 Hindi News Channel

ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के मामले में CA ने किया सुसाइड

मुंबई के सांताक्रूज इलाके में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए 2 लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।

CA commits suicide in case of blackmailing and extortion case registered against two people

मुंबई के सांताक्रूज (पूर्व) के यशवंत नगर के एक 32 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) ने निजी वीडियो को लेकर ब्लैकमेल किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान राज लीला मोरे के रूप में हुई है, जिसने जहर खाकर आत्महत्या की है। बता दें कि पुलिस को घटनास्थल पर तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए दो लोगों राहुल परवानी और सबा कुरैशी को जिम्मेदार ठहराया है। वकोला पुलिस के अनुसार, एक महिला समेत दो आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

चार्टर्ड अकाउंटेंट ने की आत्महत्या

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने पिछले 18 महीनों में एक निजी वीडियो को प्रसारित करने की धमकी देकर पीड़ित से कथित तौर पर 3 करोड़ से अधिक की वसूली की। पीड़ित की मां ने अपने बयान में बताया कि राज पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था। पुलिस की तरफ से दर्ज एफआईआर में बताया गया है कि सुसाइड नोट में राज ने राहुल और सबा को उसकी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों को राज के शेयर बाजार में बड़े निवेश और सीए के तौर पर उसकी मोटी तनख्वाह वाली नौकरी के बारे में पता था।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वीडियो लीक करने की धमकी देकर राज को उसकी कंपनी के खाते से बड़ी रकम अपने निजी खातों में ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं आरोपियों ने राज से एक लग्जरी कार भी जबरदस्ती ले ली। पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और जबरन वसूली के मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.