India's No.#1 Hindi News Channel

शिवसेना मंत्री संजय शिरसाट को आयकर विभाग का नोटिस मिला

महाराष्ट्र के समाज कल्याण मंत्री संजय शिरसाट को आयकर विभाग की नोटिस मिली है. उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जवाब देने के लिए समय मांगा गया है. हालांकि उन्होंने श्रीकांत शिंदे को नोटिस मिलने की खबरों को गलत बताया और मीडिया से ऐसी भ्रामक जानकारी न फैलाने की अपील की है.महाराष्ट्र विधानसभा सत्र के बीच संजय शिरसाट को इनकम टैक्स का नोटिस... शिंदे के बेटे पर उठाए थे सवाल

महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले शिंदे गुट के शिवसेना नेता और समाज कल्याण मंत्री संजय शिरसाट सुर्खियों में हैं. उन्हें आयकर विभाग ने नोटिस भेजी है. जिसकी जानकारी उन्होंने खुद मीडिया से बात करते हुए दी है. शिरसाट ने बताया कि आयकर विभाग ने उनकी संपत्ति को लेकर सवाल उठाए हैं. 2019 और 2024 की विधानसभा चुनावों में दाखिल शपथ पत्रों में उनकी संपत्ति में वृद्धि को लेकर विभाग ने सफाई मांगी है.

शिरसाट ने कहा कि ‘मुझे आयकर विभाग से नोटिस मिली है. 2019 में मेरी संपत्ति इतनी थी और 2024 में इतनी हो गई है. इस पर सवाल उठे हैं. मैंने जवाब देने के लिए 9 तारीख तक का समय मांगा है. मैं अपने 2024 के शपथ पत्र में दी गई संपत्ति की जानकारी के आधार पर जवाब दूंगा.’

मैंने शिंदे को नोटिस मिलने की कोई जानकारी नहीं दी: शिरसाट

हालांकि उन्होंने श्रीकांत शिंदे को आयकर नोटिस मिलने की खबरों को सिरे से खारिज किया है. शिरसाट ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘मैंने श्रीकांत शिंदे को नोटिस मिलने की कोई जानकारी नहीं दी है. कुछ मीडिया चैनल मेरे नाम पर गलत खबरें चला रहे हैं. मैं अपील करता हूं कि मेरे नाम पर ऐसी भ्रामक जानकारी न फैलाई जाए.’

क्या है पूरा मामला?

यह मामला छत्रपति संभाजीनगर के विट्स होटल लिलाव प्रकरण से भी जुड़ा है. इस प्रकरण में शिरसाट के बेटे सिद्धांत और पत्नी विजया की भागीदारी को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे. आरोप था कि होटल की बाजार कीमत 110 करोड़ रुपये थी. लेकिन इसे 67 करोड़ रुपये में खरीदा गया. बाद में शिरसाट ने इस टेंडर प्रक्रिया से पीछे हटने की घोषणा की थी. फिर भी विपक्ष ने इस मुद्दे को विधानसभा सत्र में उठाया और अब आयकर विभाग की नोटिस ने इस विवाद को और हवा दी है.

महायुति में तनाव का माहौल?

महायुति गठबंधन में पहले से ही कई मुद्दों पर तनाव की खबरें सामने आ रही हैं. शिरसाट ने हाल ही में वित्त मंत्री अजित पवार पर सामाजिक कल्याण विभाग के फंड को दूसरी योजनाओं में डायवर्ट करने का आरोप लगाया था. बता दें कि अब आयकर नोटिस का मुद्दा उनके लिए नई चुनौती बन सकता है. शिरसाट ने कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के सामने भी उठाएंगे.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.