India's No.#1 Hindi News Channel

घटिया सड़क निर्माण पर भड़के विधायक भूपेश चौबे, PWD अधिकारियों को लगाई फटकार

विधायक ने पाया कि सड़क निर्माण में गिट्टी और मिट्टी को दोबारा डालकर खानापूरी की जा रही है. मानकों के विपरीत हो रहे इस कार्य से नाराज विधायक ने तत्काल सर्किट हाउस में बैठक बुलाई.

सोनभद्र के सदर विधायक भूपेश चौबे का एक वीडियो तजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें वे PWD अधिकारियों को हड़का रहे हैं. विधायक को निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में घटिया सामग्री मिली थी. उन्होंने PWD अधिकारियों को बुलाकर मीटिंग ली और कार्य में लापरवाही न करने के सख्त सन्देश दिया.

दरअसल क्षेत्र की जनता की शिकायत पर विधायक भूपेश चौबे शुक्रवार को सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे. विधायक ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी और मानकों की अनदेखी देखकर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई.

गिट्टी-मिटटी डालकर हो रही थी खानापूर्ति

निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि सड़क निर्माण में गिट्टी और मिट्टी को दोबारा डालकर खानापूरी की जा रही है. मानकों के विपरीत हो रहे इस कार्य से नाराज विधायक ने तत्काल सर्किट हाउस में बैठक बुलाई. बैठक में PWD अधिकारियों और ठेकेदार को कड़े शब्दों में लताड़ते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे.

जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

विधायक भूपेश चौबे ने साफ शब्दों में कहा कि यह विकास कार्य नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के साथ धोखा है. जनता के पैसे की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारी एसी कमरों में बैठकर केवल कागजी कार्रवाई करते हैं. अगर काम की गुणवत्ता नहीं सुधरी तो जिम्मेदार लोगों को परिणाम भुगतने होंगे.

विकास के प्रति सजगता

लगातार दूसरी बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे भूपेश चौबे क्षेत्र के विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर हमेशा सजग रहे हैं. उनके इस सख्त रुख से जनता में संतोष और उम्मीद की लहर है. लोग मानते हैं कि विधायक की सक्रियता से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी.

PWDअधिकारियों और ठेकेदारों में हड़कम्प

विधायक की इस सख्ती से PWD और ठेकेदारों में हलचल मच गई है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सड़क निर्माण में कितनी तत्परता और ईमानदारी दिखाई जाती है. जनता को उम्मीद है कि विधायक के हस्तक्षेप से सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा और क्षेत्र का विकास सही दिशा में आगे बढ़ेगा.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.