रिहंद बांध के सात फाटक खोले गए, 83 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया
सोनभद्र : पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण यूपी में नदी नाले उफान पर हैं. वहीं मंगलवार को पिपरी क्षेत्र में स्थित कृत्रिम झील रिहंद बांध के सात फाटक खोल दिए गए. सोनभद्र और मध्यप्रदेश में भारी बारिश के चलते रिंहद बांध में पर्याप्त पानी आ गया जिससे बांध के सात फाटक खोल दिये गये.
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि सोमवार को बांध का जलस्तर 869.1 फीट पर पहुंच गया, इसके बाद पहले एक और बाद में एक- एक करके सोमवार देर रात 12 बजे तक कुल सात फाटक खोल दिया गया, क्योंकि बांध में पानी का लेवल कम नहीं हो रहा था.

6 टरबाइन चल रहीं : अधिशासी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि जल विद्युत परियोजना की सभी 6 टरबाइन को चलाया जा रहा है, जिससे 300 मेगावाट बिजली भी पैदा हो रही है. 6 टरबाइन और सात फाटक से कुल 83 हजार क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है. मंगलवार सुबह रिहंद बांध का जलस्तर 869 फीट तक पहुंच गया. 868 फीट से जलस्तर नीचे आने पर ही बांध के फाटक को बंद किया जाएगा.
चोपन में अलर्ट घोषित : बता दें कि रिहंद बांध का फाटक खोले जाने के बाद सोनभद्र के चोपन इलाके में सोन नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है, जिसको लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट घोषित किया है. तटवर्ती क्षेत्रों से लोगों को दूर जाने की सलाह दी गई है.
Comments are closed.