India's No.#1 Hindi News Channel

टांगरी नदी का जलस्तर घटा, अंबाला छावनी में हालात पहले से सामान्य

 मोरनी में बादल फटने के बाद टांगरी नदी के जलस्तर बढ़ने से अंबाला छावनी में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई. मंत्री अनिल विज ने भी दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.Haryana ambala flood tangri river water level normal minister anil vij Visit टांगरी नदी का जलस्तर घटा, अंबाला छावनी में हालात पहले से सामान्य

मोरनी में बादल फटने के बाद टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कल अंबाला छावनी में बाढ़ जैसे हालात बन गए थे. पूरे इलाके में दहशत का माहौल था, क्योंकि नदी का पानी 12 फीट तक बह रहा था और कई घरों में घुस गया था. रातभर लोग छतों, सड़कों और बंधों पर बैठे रहे. हालांकि, रात करीब एक बजे के बाद पानी उतरना शुरू हुआ और आज सुबह हालात सामान्य हो गए.

स्थानीय निवासियों ने बताया कि कल रात उन्हें छतों पर और खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी. बच्चों के लिए पढ़ाई रोकनी पड़ी और महिलाएं सड़कों पर ही रोटियां बनाती नजर आईं. बाढ़ का पानी उतरने के बाद लोग अपने घरों की सफाई में जुट गए हैं. सड़कों पर गंदगी और कीचड़ की परतें साफ की जा रही हैं.

प्रशासन ने रातभर इलाके में किए पुख्ता इंतजाम

राहत कार्यों में सामाजिक संस्थाओं और भाजपा नेताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई. वार्ड नंबर 10 के पार्षद रमन छतवाल ने बताया कि सुबह 5:30 बजे से ही लोगों को अलर्ट कर दिया गया था कि टांगरी नदी में पानी आ सकता है. प्रशासन ने रातभर इलाके में पुख्ता इंतजाम किए और फंसे हुए लोगों के लिए खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की. फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीमों ने साफ-सफाई का काम संभाला. साथ ही मोबाइल टॉयलेट भी खड़े कर दिए गए हैं.

मंत्री अनिल विज ने किया दौरा

मंत्री अनिल विज ने भी प्रभावित इलाके का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की. भाजपा नेता विशाल ने कहा कि पार्टी और स्थानीय लोग मिलकर जरूरतमंदों की हर संभव मदद करेंगे. उन्होंने बताया कि कई परिवारों ने पूरी रात बंधों पर बैठकर काटी, लेकिन सुबह पानी कम होने के बाद राहत की सांस ली.

सामान्य हो रही जिंदगी

आज सुबह से ही लोग अपने घरों को व्यवस्थित करने में लगे हैं. महिलाएं रोटियां बनाती दिखीं और बच्चे अपनी कॉपी-किताबों के साथ पढ़ाई में जुट गए. प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, भोजन और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था जारी है. हालांकि, बाढ़ जैसी स्थिति ने लोगों के मन में डर जरूर बैठा दिया है.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.