India's No.#1 Hindi News Channel

14 साल तक नहीं हुए बच्चे, पति ने भेजा तलाक का नोटिस… पत्नी ने कर ली आत्महत्या

मध्य प्रदेश के भोपाल में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों से तंग आकर आत्महत्या कर ली. उसने खुदकुशी करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपने पति और ससुराल वालों को बताया और लिखा कि उसके ससुराल वाले उसे शादी के 14 साल बाद भी संतान न होने की वजह से प्रताड़ित करते हैं.

भोपाल: 14 साल तक नहीं हुए बच्चे, पति ने भेजा तलाक का नोटिस... पत्नी ने कर ली आत्महत्या

मध्य प्रदेश के भोपाल के अयोध्या नगर में एक महिला ने आत्महत्या कर ली. उसने मरने से पहले सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने बताया कि उसके ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराना चाहते हैं. ये मामला अयोध्या नगर बाईपास स्थित तिरुपति एमएल हाईलाइट सोसाइटी से सामने आया है, जहां रहने वाली 35 साल की किरण मीणा नाम की महिला ने बुधवार शाम फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.

आरोप है की शादी के 14 साल बाद तक संतान न होने की वजह से उसका पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे. कुछ दिन पहले उसे पति ने तलाक का नोटिस भेजा था. महिला ने ये कदम उठाने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने सास, पति, देवर, तीन ननद, पति की एक महिला मित्र और एक चचेरी बहन पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.

मायके आकर रहने लगी थी किरण

किरण मीणा की शादी आयुर्वेदिक डॉक्टर संजीव देशवाली से हुई थी. शादी के 14 साल बाद तक दोनों की कोई संतान नहीं होने की वजह से उसे ससुराल वाले परेशान करते थे. किरण मीणा के परिवार का आरोप है कि संजय की दो महिलाओं से भी दोस्ती थी. संजय अप्रैल 2025 में बिना बताए घर से भाग गया था, जिसको लेकर थाने में शिकायत की थी. बार-बार लड़ाई-झगड़ों से परेशान होकर किरण अपने मायके आकर रहने लगी थी. कभी-कभी वह ससुराल चली जाती थी. बुधवार शाम को अपने पति से मिलने अयोध्या बायपास स्थित घर पहुंची थी. शाम 6:00 बजे किरण के भाई ने उसे फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला. परेशान होकर वह बहन की ससुराल पहुंचा तो बेडरूम में किरण फांसी के फंदे पर झूलती मिली.

‘पति का परिवार करता है टॉर्चर’

किरण के कमरे से बरामद हुए सुसाइड नोट में उसने लिखा, “मैं लिखना तो बहुत चाहती हूं, लेकिन पति और ससुराल वालों ने सिर्फ सुसाइड नोट लिखने लायक छोड़ा है. मेरी मौत के जिम्मेदार पति संजय देशवाली, उसका भाई दुर्गा प्रसाद, मां कल्लो बाई, बहनें मथुरा, लता, ममता, उसकी महिला मित्र और कजिन हैं. संतान नहीं होने को लेकर पति का परिवार टॉर्चर करता है. वह पति की दूसरी शादी कराने पर तुले हैं. ससुराल वाले पति से तलाक कराना चाहते हैं.“

‘मैं और बेज्जती बर्दाश्त नहीं कर सकती’

किरण ने आगे लिखा, “अब मैं और बेज्जती बर्दाश्त नहीं कर सकती हूं. इसलिए ये कदम उठाने जा रही हूं. मेरा सारा सामान और इस फ्लैट की चाबी मेरे मम्मी पापा को दे देना. मेरे मरने के बाद मेरी हर चीज पर मम्मी और पापा का हक होगा. लव यू मम्मी पापा, सब अपना ख्याल रखना. मैं एक बहुत बुरी बेटी हूं, सॉरी. मेरा अंतिम संस्कार सिर्फ अपनी बेटी के रूप में करना. मेरे ही पैसों का इस्तेमाल कर अंतिम संस्कार करना.“

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.