India's No.#1 Hindi News Channel

IND vs PAK: एशिया कप में फिर होगा भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला, जारी हुआ शेड्यूल

India vs Pakistan: एक और भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के लिए तैयारी कर लीजिए। इसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है। दिसंबर में ही ये मैच खेला जाएगा।

india vs pakistan- India TV Hindi
अगर आप क्रिकेट के शौकीन हैं तो एक और महामुकाबले के लिए तैयारी कर लीजिए। अगले महीने क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला यानी भारत बनाम पाकिस्तान मैच खेला जाएगा। दरअसल एसीसी की ओर से एशिया कप का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसका आगाज 12 दिसंबर से होने जा रहा है। हालांकि ये अंडर 19 एशिया कप होगा। इसमें कुल मिलाकर आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान को फिर से एक ही ग्रुप में रखा गया है।

पांच टीमों के नाम तय, तीन के होने अभी बाकी

भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट मैच का एक और ​बार फिर से मंच तैयार हो गया है। अब तक इसमें पांच टीमों ने अपनी जगह पक्की कर ली है। बाकी तीन टीमों के नाम तय नहीं हो पाए हैं। ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान के अलावा बाकी दो टीमें कौन सी होंगी, इसका फैसला अभी नहीं हो पाया है। वहीं ग्रुप बी में बांग्लादेश, श्रीलंका ओर अफगानिस्तान हैं। वहां की चौथी टीम का नाम अभी तय नहीं हो पाया है।

भारत और पाकिस्तान के बीच 12 दिसंबर को होगा मुकाबला

भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 12 दिसंबर को खेलेगी। हालांकि उसके सामने कौन सी टीम होगी, ये पता नहीं है। क्वालीफायर 1 को जीतने वाली टीम से भारत का मैच होना है। बात अगर भारत बनाम पाकिस्तान मैच की करें तो ये बड़ा मुकाबला 14 दिसंबर को खेला जाएगा। इस दिन रविवार है। टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल 19 दिसंबर को खेले जाएंगे और इसके बाद 21 दिसंबर को फाइनल मैच होगा। दरअसल अगले साल अंडर 19 वर्ल्ड कप भी होना है, ऐसे में एशियाई टीमों के पास अपनी तैयारी को आखिरी अंजाम देने का ये अच्छा मौका है। भारतीय टीम टूर्नामेंट जीतने की दावेदार बनकर जाने वाली है। जल्द ही टीम का ऐलान भी कर दिया जाएगा।

दुबई में खेले जाएंगे मैच 

एशिया कप एसीसी यानी एशियाई क्रिकेट काउंसिल के तहत खेला जाता है। इसका मुख्यालय दुबई है। दुबई में आईसीसी का भी मुख्यालय है। ज्यादातर मुकाबले आईसीसी अकादमी में खेले जाएंगे। भारत के पास ये अच्छा मौका होगा कि 19 साल से कम के खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन इस दौरान करते हैं। इस बात की संभावना काफी ज्यादा है कि वैभव सूर्यवंशी इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से खेलते हुए नजर आएं।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.