विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं उनके निशाने पर कोई न कोई रिकॉर्ड जरूर होता है। विराट अब न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे, जिसकी शुरुआत 11 जनवरी से हो रही है। तीन मैचों की इस सीरीज में विराट कोहली के पास फिर एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। वह वनडे में नंबर तीन पर बैटिंग करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। अभी वह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं।
वनडे क्रिकेट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इस वक्त रिकी पोंटिंग के नाम है। पोंटिंग ने इस फॉर्मेट में 3 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 335 मैचों में 42.48 के औसत से 12662 रन बनाए हैं। वहीं विराट ने अब तक 244 मैचों की 241 पारियों में 61.26 के औसत से 12436 रन बनाए हैं। ऐसे में विराट कोहली को रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 227 रन की जरूरत है। कुमार संगकारा इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 243 मैचों में 9747 रन बनाए हैं।
विराट कोहली की बात करें तो वह इस वक्त शानदार फॉर्म से गुजर रहे हैं। हाल ही में वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे। वहां उन्होंने तीनों मैचों में 50+ रनों की पारी खेली थी। पहले दो मैच में विराट ने शतक लगाया था, वहीं तीसरे मैच में वह 65 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। इसके बाद उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के भी दो मुकाबले खेले और वहां भी उन्होंने आंध्रा के खिलाफ मैच में 131 और गुजरात के खिलाफ मैच में 77 रन बनाए थे। विराट अभी जिस तरह के फॉर्म से गुजर रहे हैं, उसे देखते हुए ऐसा कहा जा सकता है कि वह पोंटिंग के इस रिकॉर्ड को भी आसानी से तोड़ सकते हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11-18 जनवरी के बीच तीन वनडे मुकाबलों की सीरीज खेली जानी है। सीरीज का पहला मैच वडोदरा मे खेला जाएगा, जिसके बाद 14 जनवरी को राजकोट में दूसरा मैच खेला जाएगा। सीरीज का अंतिम मैच इंदौर में 18 जनवरी को खेला जाना है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 21 से 31 जनवरी के बीच 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेंगे। टी20 सीरीज के लिए भी टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान हो चुका है।
Comments are closed.