India's No.#1 Hindi News Channel

वेनेजुएला के सपोर्ट में आया भारत का बयान, जानें विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी एक्शन पर क्या कहा?

अमेरिकी फौज ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति को जबरन काराकस में पकड़ा और उन्हें अपने देश ले गई। इसको लेकर भारत ने बयान जारी किया है। जानें विदेश मंत्रालय ने क्या कहा है।

India Venezuela relations- India TV Hindi
वेनेजुएला की सत्ता रात के अंधेरे में हिल गई, अमेरिकन आर्मी उनके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को काराकस से जबरन अपने साथ ले गई, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया। इस अप्रत्याशित घटना पर अब भारत ने भी चिंता जताई। भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से बयान जारी करके कहा कि उनकी हालात पर पैनी नजर है। वेनेजुएला में फंस गए भारतीयों की सुरक्षा के लिए भी बयान में बड़ी बात कही गई। जानें विदेश मंत्रालय वेनेजुएला के मामले पर क्या कहा है?

वेनेजुएला के समर्थन में भारत ने दिया बयान

भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया, ‘वेनेजुएला में हाल में हुई घटना बेहद चिंताजनक हैं। हम हालात पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए भारत अपना समर्थन दोहराता है। हम सभी संबंधित पक्षों से इलाके में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए संवाद के जरिए शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील करते हैं।’

वेनेजुएला में फंसे भारतीयों को मिलेगी मदद

विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला में मौजूद भारतीयों को भी भरोसा दिया। अपने बयान में कहा, ‘कराकस में मौजूद भारतीय दूतावास, भारतीय समुदाय के लोगों के संपर्क में है और उन्हें हर मुमकिन मदद देता रहेगा।’

वेनेजुएला में भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी

इससे पहले एक अन्य बयान में विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके कहा था कि वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर, भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचना चाहिए। किसी भी कारण से वेनेजुएला में मौजूद सभी भारतीयों को बहुत ज्यादा सतर्कता बरतने, अपनी एक्टिविटीज को सीमित करने और कराकस में मौजूद भारतीय दूतावास से उनके ईमेल आईडी- cons.caracas@mea.gov.in या इमरजेंसी फोन नंबर +58-412-9584288 (व्हाट्सएप कॉल के लिए भी) के जरिए संपर्क में रहने की सलाह दी जाती है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.