India's No.#1 Hindi News Channel

‘मुझे महाभियोग का सामना करना पड़ेगा, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों कही ऐसी बात?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चिंता जताई है कि अगर आगामी मिड टर्म चुनाव में अगर रिपब्लिकन पार्टी की जीत नहीं होती है तो उनके खिलाफ महाभियोग लाया जा सकता है।

मुझे महाभियोग के जरिए हटा देंगे...', डोनाल्ड ट्रंप को अचानक क्यों सताने लगा  डर?अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को वाशिंगटन में हाउस रिपब्लिकन कॉकस रिट्रीट में साल 2026 में होने वाले मिडटर्म चुनावों को लेकर अपनी चिंता जताई है। ट्रंप कहा है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी नवंबर में हाउस पर कंट्रोल बनाए रखने में नाकाम रहती है, तो डेमोक्रेट्स उनपर महाभियोग चलाने का कारण ढूंढ लेंगे। ट्रंप ने आगे ये भी कहा है कि 2026 के मिडटर्म चुनाव काफी महत्वपूर्ण है।

क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन सांसदों को संबोधित करते हुए मिडटर्म चुनावों में सत्ताधारी पार्टियों के सीटें हारने के ऐतिहासिक पैटर्न को स्वीकार किया है। इसके साथ ही ट्रंप ने अपने नेतृत्व और अर्थव्यवस्था को लेकर जनता की नाखुशी पर चिंता जताई है। ट्रंप ने अपने राजनीतिक भविष्य के लिए 2026 के मिडटर्म चुनावों को महत्वपूर्ण बताया। ट्रंप ने कहा- “वे कहते हैं कि जब आप राष्ट्रपति चुनाव को जीतते हैं, तो मिडटर्म चुनाव हार जाते हैं। आप सब लोग काफी समझदार हैं। आप इस क्षेत्र में मुझसे काफी ज्यादा समय से हैं। काश आप मुझे समझा पाते कि जनता के दिमाग में क्या चल रहा है।”

डेमोक्रेट पार्टी बढ़त में

द हिल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में आगामी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी बढ़त में दिख रही है। उन्हें उम्मीद है कि मिडटर्म चुनावों में हाउस पर फिर से कंट्रोल हासिल कर लेंगे। राजनीतिक माहौल अभी भी डेमोक्रेट्स के पक्ष में है लेकिन बड़ी जीत की उम्मीदें अभी भी पक्की नहीं हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने भी बीते महीने के एक कार्यक्रम में इसी तरह की चेतावनी दी थी।

स्पीकर ने भी दी चेतावनी

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के स्पीकर जॉनसन ने पार्टी के नेताओं को चेताते हुए कहा था कि “सदन में बहुमत खोने से डेमोक्रेट्स आक्रामक कदम उठाएंगे, वे ट्रंप पर महाभियोग चलाने और बड़े पैमाने पर राजनीतिक उथल-पुथल पैदा करने की कोशिश करेंगे। अगर हम हाउस में बहुमत खो देते हैं, तो कट्टरपंथी वामपंथी, जैसा कि आप पहले ही सुन चुके हैं, राष्ट्रपति ट्रंप पर महाभियोग चलाएंगे। डेमोक्रेट पूरी तरह से अराजकता पैदा करेंगे। हम ऐसा नहीं होने दे सकते।”

पहले भी दो बार आया महाभियोग

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ पहले भी दो बार महाभियोग चलाया जा चुका है। साल 2019 में जब डेमोक्रेट्स ने हाउस पर नियंत्रण किया तब और फिर साल 2021 में कार्यकाल के खत्म होने से कुछ समय पहले। हाल ही में डेमोक्रेट्स के कुछ नेताओं ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के जवाब में ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की संभावना का सुझाव दिया है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.