India's No.#1 Hindi News Channel

टूर्नामेंट के बीच चोटिल प्लेयर के रिप्लेसमेंट का ऐलान, 22 साल की खिलाड़ी को मिला चांस

WPL 2026 के बीच बड़ी खबर आई है। गुजरात जायंट्स ने चोटिल खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। गुजरात की टीम इस सीजन संघर्ष कर रही है।

Titas Sadhu- India TV Hindiभारत में इस समय वूमेन्स प्रीमियर लीग यानी WPL 2026 का रोमांच अपने चरम पर है। 21 जनवरी तक टूर्नामेंट में कुल  13 मैच खेले जा चुके हैं और 22 जनवरी को गुजरात जायंट्स का UP वॉरियर्स से सामना होगा। इस मैच से पहले गुजरात जायंट्स को लेकर बड़ी खबर आई है। दरअसल, टीम में एक नए खिलाड़ी की एंट्री हो गई है। गुजरात जायंट्स ने 22 साल की जिंतीमणि कलिता को WPL 2026 के बाकी मैचों के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। जिंतीमणि कलिता को पेसर टिटास साधु के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया है। टिटास साधु चोटिल हैं। ऐसे में गुजरात की टीम ने जिंतीमणि कलिता पर भरोसा जताया है।

कलिता के पास 13 मैचों का अनुभव

जिंतीमणि कलिता WPL में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेल चुकी हैं। उन्होंने 13 WPL मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम सिर्फ 1 विकेट दर्ज है। बाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की तेज गेंदबाज जिंतीमणि कलिता को गुजरात की टीम ने 10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। साल 2003 में असम के गुवाहाटी में जन्मीं जिंतीमणि कलिता को अब तक भारत की ओर से खेलने का मौका नहीं मिला है। अब देखना होगा कि इस सीजन वह गेंद से कितनी असरदार साबित होती हैं।

पॉइंट्स टेबल में GG का बुरा हाल

WPL 2026 में गुजरात जायंट्स के प्रदर्शन की बात की जाए तो टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है। गुजरात ने अब तक खेले 5 मैचों में सिर्फ 2 जीते हैं, जबकि 3 में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। टीम का नेट रन रेट बेहद खराब है। यही वजह है कि गुजरात की टीम 4 पॉइंट के साथ 5वें पायदान पर है। मुंबई, UP और दिल्ली के भी 4-4 पॉइंट हैं, लेकिन ये तीनों टीमें टेबल में गुजरात से ऊपर हैं। मुंबई दूसरे, UP तीसरे जबकि दिल्ली चौथे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली इकलौती टीम है। RCB लगातार 5 जीतने के बाद 10 पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर काबिज है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.