मुंबई इंडियंस संकट में लेकिन टीम मैनेजमेंट का हार्दिक पांड्या पर भरोसा कायम
IPL 2026 में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस खराब दौरे से गुजर रही है। इस सीजन टीम 10 में से सिर्फ 3 मैच जीत पाई है और प्लेऑफ की रेस में बहुत पीछे है।
लगातार निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद हार्दिक पांड्या की कप्तानी सुरक्षित मानी जा रही है। मुंबई इंडियंस के टीम मैनेजमेंट का मानना है कि समस्या कप्तानी में नहीं, बल्कि टीम के अन्य पहलुओं में छिपी है। इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 में कमजोर प्रदर्शन के बावजूद फ्रेंचाइजी फिलहाल कप्तान बदलने के बारे में नहीं सोच रही है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 सीजन के औसत प्रदर्शन के बावजूद हार्दिक पांड्या के कप्तान के तौर पर बने रहने की उम्मीद है और उनकी कप्तानी पर फिलहाल कोई खतरा नहीं है।
दो खराब सीजन, टीम का लगातार गिरता प्रदर्शन और फैंस की बेचैनी, इन सबके बीच एक सवाल सभी के मन में घूम रहा है कि क्या हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है? लेकिन अब आई ताजा रिपोर्ट ने इस बहस को पूरी तरह बदल दिया है।
स्टार खिलाड़ियों की खराब फॉर्म
टीम के खराब प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह उसके स्टार खिलाड़ियों का फॉर्म से बाहर होना माना जा रहा है। टीम की गेंदबाजी की रीढ़ माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह इस सीजन में अब तक सिर्फ तीन विकेट ही ले पाए हैं। वही, सूर्यकुमार यादव ने पिछले साल शानदार 717 रन बनाए थे, इस बार बेहद साधारण प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 195 रन ही जोड़ सके हैं। खुद हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन उनके ऑलराउंडर रोल और कप्तानी के चलते टीम का भरोसा उन पर बना हुआ है।
प्लेऑफ की राह मुश्किल
इस बीच रोहित शर्मा की चोट ने भी टीम को बड़ा झटका दिया। हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण वह करीब एक महीने तक बाहर रहे, जिससे ओपनिंग कॉम्बिनेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालांकि, उनकी वापसी के बाद उन्होंने रयान रिकेल्टन के साथ मजबूत साझेदारी कर कुछ राहत जरूर दी है। कुल मिलाकर, मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। 10 मैचों में केवल 6 पॉइंट के साथ टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है। अब टीम की कोशिश यही होगी कि बाकी बचे मैच जीतकर सीजन को सम्मानजनक स्थिति में समाप्त किया जाए। वहीं, मैनेजमेंट का साफ संदेश है कि फिलहाल कप्तानी में बदलाव नहीं होगा और हार्दिक पांड्या पर उनका भरोसा कायम है।
मुंबई को लंबे समय से खिताब का इंतजार
गौरतलब है कि 2024 में हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से लाकर रोहित शर्मा की जगह कप्तानी सौंपी गई थी। लेकिन तीन सीजन बीत जाने के बाद भी टीम की किस्मत में खास बदलाव नहीं आया है। मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में खिताब जीता था, पिछले पांच सालों से ट्रॉफी के लिए तरस रही है और इस बार भी हालात कुछ बेहतर नहीं दिख रहे। हालांकि टीम ने हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन यह जीत किसी मजबूत टीम के खिलाफ नहीं थी, इसलिए इससे ज्यादा उम्मीदें नहीं जगीं। मौजूदा स्थिति में टीम पॉइंट्स टेबल में पिछड़ती नजर आ रही है और प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो चुके हैं।
Comments are closed.