पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद मारपीट, छह लोगों पर बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
सोनभद्र के लिलासी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पंप संचालक राज गौरव यादव की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, बिजली न होने के कारण पेट्रोल भरने में हुई देरी को लेकर पहले विवाद हुआ। बाद में आरोपी अपने साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें सर्वजीत यादव घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने एक मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और एक स्कॉर्पियो वाहन भी सीज किया है। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Comments are closed.