*सर्प बना कौतूहल, देखने के लिए उमड़ी भीड़ वन विभाग ने हाथीनाला के जंगलों में ले जाकर सुरक्षित छोड़ा*
महुली| विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक गांव में रविवार को सुबह पंचायत भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर एक भयंकर सर्प लोगों के कौतूहल का विषय बन गया| राजेन्द्र गुप्ता के घर के पास उगे झाड़ियों में छिपकर बैठे करीब आठ फुट लंबे और भारी भरकम सर्प पर नजर पड़ते ही वहां धीरे धीरे तमाशा देखने वालों की भीड़ जुट गयी| कुछ लोगों द्वारा छेड़छाड़ करने पर सर्प वहां से हटकर करीब पचास मीटर दूर एक बड़े गढ्ढे में चला गया| इस संबंध में ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया|

मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर आर के मौर्या ने इस बावत अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया| श्री मौर्या ने कहा कि आला अधिकारियों के निर्देश पर सांप पकड़ने के एक्सपर्ट लोगों को बुलाकर उसे पकड़ लिया गया और हाथीनाला के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया|