*हिन्दुस्तानी एकेडेमी के स्थापना दिवस पर मथुरा प्रसाद सिंह जटायु को मिलेगा एकेडेमी सम्मान*
हिन्दुस्तानी एकेडेमी के स्थापना दिवस पर मथुरा प्रसाद सिंह जटायु को मिलेगा एकेडेमी सम्मान
– प्रयागराज के गांधी सभागार में 29 मार्च को होगा कार्यक्रम
सुलतानपुर । चर्चित वरिष्ठ साहित्यकार मथुरा प्रसाद सिंह जटायु को हिन्दुस्तानी एकेडेमी अपने स्थापना दिवस पर एकेडेमी सम्मान से सम्मानित करेगी।

एकेडेमी के सचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को एक पत्र भेजकर यह जानकारी दी है। उन्नीस सौ सत्ताईस में स्थापित हिन्दुस्तानी एकेडेमी उत्तर प्रदेश शासन के भाषा विभाग के अंतर्गत काम करने वाली प्रतिष्ठित संस्था है ।
02 सितम्बर 1952 को धनपतगंज ब्लाक के पीपरगांव में जन्मे जटायु रणवीर राजकुमार इंटरकालेज बरवारीपुर के सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। वर्तमान में कादीपुर के शाहगंज रोड स्थित विक्रम भवन निवासी जटायु की शिक्षा दीक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हुई ।
देशभर की अनेक प्रतिष्ठित संस्थाओं से पचास से अधिक सम्मान और पुरस्कार प्राप्त कर चुके जटायु का महाकाव्य ज्वाला, खंडकाव्य अहल्या व दोहा संग्रह पोर पोर में पीर प्रकाशित और चर्चित हो चुका है। इसके अलावा लगभग पांच अप्रकाशित कृतियां भी हैं।
जटायु के बारे में उनके मित्र वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सुशील कुमार पाण्डेय साहित्येन्दु कहते हैं कि यह साहित्य, समाज और शिक्षा से जुड़े आशुकवि मथुरा प्रसाद सिंह जटायु की जनस्वीकार्यता ही है कि लगभग पच्चीस वर्षों से कादीपुर में आशुकवि जटायु का जन्मदिन साहित्य दिवस के रूप में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद के जिलाध्यक्ष मथुरा प्रसाद सिंह जटायु को अवधी साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित एकेडेमी सम्मान दिये जाने पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ आद्या प्रसाद सिंह प्रदीप, कमल नयन पाण्डेय, जयंत त्रिपाठी , डॉ.डी एम मिश्र , डॉ.राधेश्याम सिंह, डॉ.शोभनाथ शुक्ल, डॉ.ओंकार नाथ द्विवेदी,पवन कुमार सिंह व ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि समेत अनेक साहित्यकारों ने प्रसन्नता जताते हुए इसे जनपद का गौरव बताया है।
Comments are closed.