ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी, पर्यटन विभाग के पास आया मेल
आगरा टूरिज्म विभाग को आए एक मेल को देखकर हड़कंप मच गया है. इस मेल में ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. अभी तक साफ नहीं हो सका है कि यह धमकी किसने दी है. फिलहाल ताजमहल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. आगरा पुलिस के अलावा सीआईएसएफ ने चौकसी बढ़ा दी है.
बम की तलाश में शुरू हुई संयुक्त जांच
सूचना मिलते ही इन सभी विभागों में हड़कंप मच गया. आनन फानन में मौके पर पहुंचे सभी विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है. इसी क्रम में डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड की टीम को बुलाकर ताजमहल के अंदर और बाहर सघन जांच कराई जा रही है. यहां तक कि संदेह होने पर कई जगह जमीन खोद कर भी बम की तलाश की गई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी तक ताजमहल परिसर में बम होने के कोई सुराग नहीं मिले हैं.
रोज आते हैं हजारों पर्यटक
बावजूद इसके, पुलिस और अन्य संबंधित टीमें इस धमकी को गंभीरता से लेकर मामले की जांच कर रही हैं. शाहजहां और मुमताज के प्रेम के प्रतीक के रूप में पहचान वाले इस ताजमहल को देखने के लिए रोज हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. इनमें बड़ी संख्या विदेशी पर्यटकों की भी होती है. आगरा के राजस्व का एक बड़ा हिस्सा ताजमहल के पर्यटन से ही होता है.
Comments are closed.