India's No.#1 Hindi News Channel

पुलिस से मैगजीन लूटने का आरोपी गिरफ्तार

जामा मस्जिद सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हुए उपद्रव में शामिल दीपा सराय निवासी आकिब को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दरोगा से पिस्टल की मैगजीन और टियर गैस के गोले लूटे थे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।Sambhal violence: Accused of looting magazine from police arrested, 450 faces searched

जामा मस्जिद सर्वे के दौरान 24 नवंबर को हुए उपद्रव में शामिल नखासा थाना क्षेत्र के दीपा सराय निवासी आकिब को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नखासा थाना क्षेत्र में दरोगा से पिस्टल की मैगजीन लूट करने में शामिल था। टियर गैस के गोले भी लूटे गए थे।

सोमवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जो उपद्रवी प्रकाश में आ रहे हैं उनको गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। तीन महिला समेत 41 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। अब एक आरोपी और जेल भेजा गया है।

बता दें कि 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान मोहल्ला कोटपूर्वी में बवाल हुआ था। इसमें उपद्रवियों ने पथराव और फायरिंग की थी। साथ ही कई वाहनों को फूंक दिया था। इस उपद्रव में पांच आम लोगों की जान चली गई थी। पुलिस ने जामा मस्जिद के नजदीक हालात पर काबू पाए तो नखासा तिराहा और हिंदूपुरा खेड़ा इलाके में पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई थी।

दीपा सराय इलाके में दरोगा शाह फैसल से पिस्टल की मैगजीन और टियर गैस के गोले लूट लिए थे। दरोगा ने कई नामजद व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी लूट व जानलेवा हमले में गिरफ्तार किया गया आरोपी शामिल था।

कोतवाली पुलिस ने कई संदिग्ध हिरासत में लिए, पूछताछ की जा रही

कोतवाली पुलिस ने उपद्रव में शामिल होने के शक में कई संदिग्ध हिरासत में लिए हैं। इन संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जो फोटो और वीडियो पुलिस के पास हैं उनसे से भी चेहरों की पहचान की जा रही है।

हालांकि पुलिस ने संदिग्धों के हिरासत में लेने की बात को स्वीकार नहीं किया है। उपद्रव में शामिल 450 चेहरों की पुलिस के पास फोटो है। 97 उपद्रवियों के नाम और पते की जानकारी है। इसी आधार पर पुलिस की टीम जगह जगह दबिश दे रही है।

उपद्रव के आरोपियों की नहीं हो सकी है जमानत

24 नवंबर को हुए उपद्रव के बाद 25 नवंबर से अलग-अलग समय पर 41 आरोपी जेल भेजे गए थे। इन 41 आरोपियों में से किसी भी आरोपी की जमानत नहीं हुई है। सोमवार को नाबालिग आरोपियों की जमानत के लिए प्रार्थनापत्र न्यायालय में दिया गया है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.