India's No.#1 Hindi News Channel

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीडीओ ने दिए कड़े निर्देश, योजनाओं में तेजी लाने पर जोर


बलिया : कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री ओजस्वी राज की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने नि:क्षय पोषण योजना के लाभार्थियों के भुगतान में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई और एस.टी.एस. (टीबी) का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द भुगतान प्रक्रिया में सुधार लाने के निर्देश दिए।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु वाले लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, जननी सुरक्षा योजना और परिवार कल्याण कार्यक्रमों की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सुधार करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ आशा कार्यकर्ताओं के पास आवश्यक उपकरणों की कमी है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि सभी आशाओं को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को नियमित टीकाकरण में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विजय यादव ने बताया कि जनपद में कुल 275 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सी.एच.ओ. तथा ए.एन.एम. की उपलब्धता है। प्रत्येक आरोग्य मंदिर पर माह के तीसरे शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। बैठक में सीएमएस डॉ. सुजीत यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.