नशे में धुत ऑटो ड्राइवर ने महिला पुलिसकर्मी को सड़क पर घसीटा
महाराष्ट्र के सतारा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक नशे में धुत ऑटो ड्राइवर ने महिला पुलिसकर्मी को कई मीटर तक घसीटा है. पुलिस ने ऑटो ड्राइवर को हिरासत में ले लिया.

महाराष्ट्र के सतारा जिले से एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है, जहां एक नशे में धुत ऑटो ड्राइवर ने महिला पुलिसकर्मी को घसीटने की कोशिश की, जब उसने उसे रोकने की कोशिश की. यह घटना सोमवार 18 अगस्त को हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे ड्राइवर ने अपनी गाड़ी तेजी से भगाई, जिससे महिला पुलिसकर्मी सड़क पर घसीटती चली गई.
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी
बता दें कि सतारा के खंडोबा माल से मार्केट यार्ड क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल भग्यश्री जाधव ड्यूटी पर थी. उन्होंने एक ऑटो ड्राइवर, जिसकी पहचान देवराज काले के रूप में हुई. उसे रोकने की कोशिश की, क्योंकि उन्हें शक था कि ड्राइवर नशे में है, लेकिन जैसे ही कांस्टेबल जाधव ने ऑटो को रोकने का इशारा किया, ड्राइवर ने गाड़ी तेजी से भगाना शुरू कर दिया.
कांस्टेबल जाधव ने ऑटो को रोकने की कोशिश में उसकी हैंडल पकड़ ली, लेकिन ड्राइवर ने ऑटो नहीं रोका, जिससे वह सड़क पर करीब 120 मीटर तक घसीटती चली गई. इस दौरान आसपास के लोगों ने यह दृश्य देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को पकड़ लिया.
ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी- पुलिस
वीडियो के वायरल होने के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू की. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे जल्द से जल्द ही कोर्ट में भी पेश किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाशत नहीं किया जाएगा और पुलिस पूरी तरह से सतर्क है. इस घटना से ये पता चलता है कि नशे में वाहन चलाना कितना खतरनाक साबित हो सकता है.
Comments are closed.