सैफई प्रेस वार्ता में डॉ.अजय सिंह ने विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं की दी जानकारी
इटावा- आज सैफई-मे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के प्रशासनिक भवन स्थित ई०सी० हॉल में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आस-पास के क्षेत्र एवं जनपद भर से प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकारगण उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति महोदय ने विश्वविद्यालय में पदभार ग्रहण करने के उपरांत बीते 15 दिनों में किये गए महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने हाल ही में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से हुई भेंट का विवरण देते हुए बताया कि इस दौरान उन्होंने आगामी 100 दिनों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रदान किए गए। कुलपति महोदय ने इन लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
उन्होंने विश्वविद्यालय में उच्च स्तरीय अनुसंधान एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। साथ ही, शासन द्वारा विश्वविद्यालय के समीप आवंटित 5 एकड़ भूमि पर डेंटल कॉलेज के विस्तार एवं मल्टी-लेवल वाहन पार्किंग के निर्माण की योजना की जानकारी दी। कुलपति महोदय ने शीघ्र ही एक उन्नत IVF सेंटर की स्थापना किए जाने की भी घोषणा की।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि अगले 6 माह में 500 बेडेड सुपर स्पेशलिटी IPD की शुरुआत कर दी जायेगी और 300 बेडेड स्त्रीरोग अस्पताल को भी जल्द से जल्द शुरू कराने को लेकर प्रयास जारी रहेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में सोलर लाइट स्थापित करने की योजना भी साझा की गई, जिससे विद्युत व्यय में कमी लाई जा सकेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से कुलपति महोदय ने अस्पताल में दवा वितरण प्रणाली को विकेंद्रीकृत करने की बात कही तथा शीघ्र ही अमृत फार्मेसी एवं जन औषधि केंद्र की स्थापना की घोषणा की। आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु एक विशेष काउंटर स्थापित करने की योजना भी प्रस्तुत की गई, जिससे वरिष्ठ नागरिकों और अन्य रोगियों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में ड्रेनेज प्रणाली को सुदृढ़ करने एवं पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाने की योजना पर भी कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही, कुलपति महोदय ने अपनी महत्त्वाकांक्षी योजना ‘रोगी कल्याण समिति’ की घोषणा की, जिसके अंतर्गत विश्वविद्यालय की आय को रोगी कल्याण कोष में समर्पित कर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा।
उन्होंने भविष्य की योजना के तहत विश्वविद्यालय में एक एपेक्स ट्रामा सेंटर स्थापित करने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की भी जानकारी दी। यह ट्रामा सेंटर नई दिल्ली एवं लखनऊ जैसे महानगरों की तर्ज पर अत्याधुनिक आपातकालीन सेवाएं प्रदान करेगा, जिससे क्षेत्रीय ग्रामीण जनसंख्या को विशेष लाभ प्राप्त होगा।
प्रेस वार्ता के अंत में कुलपति महोदय ने समस्त पत्रकार बंधुओं का इस संवाद में सहभागिता हेतु आभार व्यक्त किया और विश्वविद्यालय के सकारात्मक विकास में मीडिया की सक्रिय भूमिका हेतु सहयोग की अपील की।
ब्यूरो रिपोर्ट डॉ राहुल तिवारी इटावा
Comments are closed.