India's No.#1 Hindi News Channel

जोहरान ममदानी ने किया ट्रंप का विरोध, वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को बताया

वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई पर न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने नाराजगी जताई है। ममदानी ने राष्ट्रपति ट्रंप पर निशाना साधते हुए इसे है एक्ट ऑफ वॉर बताया है।

Zohran Mamdani (L) Donald Trump (R)- India TV Hindi

न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधे फोन पर बात की है। ममदानी ने निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की अमेरिकी सेना द्वारा की गई गिरफ्तारी पर कड़ा विरोध जताया है। ममदानी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को फोन किया और इस कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है।

ममदानी ने कहा कि उन्होंने इसे एक संप्रभु राष्ट्र पर एकतरफा हमला और एक्ट ऑफ वॉर बताया है। ममदानी ने कहा, “मैंने अपना विरोध दर्ज कराया। मैंने अपनी बात साफ-साफ कही और बात वहीं खत्म हो गई।” उन्होंने ट्रंप के जवाब के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की।

मंजूरी के बिना सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं’

बता दें कि, अमेरिकी सेना ने शनिवार की सुबह वेनेजुएला में बड़ा सैन्य अभियान चलाया, जिसमें मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को अब न्यूयॉर्क में हिरासत में रखा गया है, जहां उन पर नारको-टेररिज्म, कोकीन तस्करी और हथियारों से संबंधित आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। इस बीच अमेरिकी कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने भी ट्रंप प्रशासन की इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने मादुरो को ‘अवैध तानाशाह’ बताते हुए कहा कि वास्तविकता यह है कि किसी भी राष्ट्रपति को कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है।

राष्ट्रपति की शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं ट्रंप

कृष्णमूर्ति ने कहा कि कांग्रेस की अनुमति के बिना कार्रवाई करके और एक संप्रभु राष्ट्र पर नियंत्रण का दावा करके ट्रंप राष्ट्रपति की शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा, किसी हताहत की स्थिति और पूरी घटना की तत्काल जानकारी कांग्रेस को दे। उन्होंने चेतावनी दी कि यह कदम कानून के शासन को कमजोर करता है, मॉस्को और बीजिंग को अन्य क्षेत्रों में अपनी सीमाएं बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करता है, अमेरिका की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाता है और अमेरिकी नागरिकों को असुरक्षित बनाता है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.