India's No.#1 Hindi News Channel

नोएडा के युवराज जैसा एक और कांड! नगर निगम की लापरवाही से खुले नाले में गिरा युवक

बरेली में सैटेलाइट बस अड्डे के पास दुर्घटना हो गई। यहां एक युवक नाले में गिर गया और बचाव टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। युवक के नाले में गिरने का वीडियो पास की दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।

Bareilly Open Drain Incident- India TV Hindi

यूपी में बरेली के सैटेलाइट बस अड्डे के पास नोएडा के युवराज के नाले में गिरने जैसा हादसा हो गया है। यहां नगर निगम के खुले नाले में एक युवक गिर गया। वह अभी तक लापता है। मंगलवार देर रात लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इस मामले में नगर निगम की लापरवाही का मामला सामने आया है। नगर निगम के कर्मचारियों ने सफाई के बाद नाला खुला छोड़ दिया था। युवक के नाले में गिरने का CCTV फुटेज भी सामने आ गया है।

नाले में गिरे युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं

इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पूरी रात युवक की तलाश करने के बावजूद सफलता नहीं मिली। अगले दिन युवक की तलाश होती रही लेकिन नाले में गिरे युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। जानकारी मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी, एसडीएम और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी पहुंचे।

सैटेलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरा शख्स

बता दें कि युवक के नाले में गिरने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। फिर आननफानन में बचाव दल मौके पर पहुंचा। युवक को बचाने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। अगले दिन भी बचाव दल, युवक की तलाश करता रहा लेकिन सफलता नहीं मिली। यह युवक बरेली के सैटेलाइट बस अड्डे के पास में नाले की दीवार पर बैठा हुआ था कि तभी वह अचानक से नाले में गिर जाता है। पास के दुकानदार बचाने की कोशिश करते हैं लेकिन युवक नाले के पानी में बह जाता है।

नोएडा के युवराज की घटना क्या है?

बता दें कि जनवरी, 2026 में नोएडा के सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की कार गहरे और पानी से भरे गड्ढे में गिर गई थी। उसमें डूबने के कारण उनकी मौत हो गई थी। इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही और कंस्ट्रक्शन साइट पर सुरक्षा के अभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

सीसीटीवी में कैद हुई नाले में गिरने की वारदात

नाले में गिरे युवक के परिवार का भी कुछ सुराग नहीं मिला है। ये नहीं पता चल पाया है कि युवक किस क्षेत्र का है और कहां से आया था। अधिकारियों का अनुमान है कि कोई मुसाफिर था। फिलहाल परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ये घटना नाले के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दिखाई दे रहा है कि युवक किस प्रकार से नाले में गिर जाता है।

युवक की खोज में जुटा बचाव दल

नगर निगम अधिकारी राजीव कुमार ने बताया रात में खबर मिली थी कि एक युवक नाले में गिर गया है। नगर निगम की टीम लगातार तलाश कर रही है। 9 टीमें जांच कर रही हैं। फायर ब्रिगेड की टीम और एसडीआरएफ का बचाव दल भी खोज में लगा हुआ है। पूरी रात सर्च ऑपरेशन चला लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.