*यूपी: कमरे में अंगीठी जलाकर सो रही थीं तीन बहनें, दम घुटने से दो की मौत*
यूपी: कमरे में अंगीठी जलाकर सो रही थीं तीन बहनें, दम घुटने से दो की मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में ठंड के कारण अंगीठी जलाकर एक ही कमरे में सो रही तीन बहनों में से दो की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा करवा कर दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के मुताबिक, जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव में अवधेश प्रसाद की तीन बेटियां प्रतिमा (20), अंतिमा (18) व निधी (17) रविवार की रात एक कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सो गईं। कमरे में खिड़की व रोशनदान न होने के कारण रात में ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया। ऐसे में अंगीठी के धुंए से दो बहनों अंतिमा व निधि की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं प्रतिमा का बड़हलगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दो बेटियों की मौत के बाद पिता अवधेश बदहवास हो गए हैं। उन्होंने बिलखते हुए बताया कि रात में तीनों बेटियां भोजन करने के बाद कमरे में सोने चली गईं थीं। सोमवार की भोर में सवा तीन बजे जगाने पर कोई आवाज नहीं आई, तो लोहे के रॉड से दरवाजा तोड़ा गया। इस दौरान तीनों बेटियां अचेत थीं।
आनन-फानन तीनों बेटियों को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक का इलाज चल रहा है। वहीं परिवार की दो बेटियों की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।