भारत अगले महीने UNSC की करेगा अध्यक्षता, PM मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर करेंगे अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव हर्ष श्रृंगला अगले महीने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की भारतीय अध्यक्षता के दौरान समुद्री सुरक्षा, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान और आतंकवाद विरोधी विषयों सहित वैश्विक दुनिया के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर उच्च स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इन बैठकों की अध्यक्षता करेंगे, जबकि विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव श्रृंगला अगले महीने न्यूयॉर्क के दौरे पर जाएंगे, जहां वे 2021 में एक महीने लंबी यूएनएससी की भारतीय अध्यक्षता के कार्यकाल को गाइड करेंगे. भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का 2 साल के लिए अस्थायी सदस्य है. ये अवधि 2022 के अंत में पूरी होगी.
विदेश सचिव श्रृंगला को आज न्यूयॉर्क के लिए रवाना होना है. 2 दिन के इस दौरे में श्रृंगला संयुक्त राष्ट्र के भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरूमूर्ति के साथ चर्चा के बाद भारत की कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे. 15 और 16 जुलाई को अपनी आधिकारिक बैठक के दौरान श्रृंगला फ्रांस के विदेश मंत्री जीन वेस ले ड्रियन, ब्रिटेन के गृह मंत्री और संयुक्त राष्ट्र के अन्य गणमान्य लोगों के साथ मुलाकात कर सकते हैं.