काशी विद्यापीठ के छात्र अभिषेक द्विवेदी को डीजीपी कार्यालय लखनऊ से मिला प्रशस्ति पत्र, पुलिस विभाग का ‘ब्रांड एंबेसडर’ घोषित कर थाना अध्यक्ष ने किया सम्मानित
जनपद सोनभद्र के शक्तिनगर क्षेत्र के चंदूआर गांव निवासी एवं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर के छात्र अभिषेक द्विवेदी को उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय, लखनऊ द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपेरिएंटल लर्निंग (SPEL) कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।

यह प्रशस्ति पत्र DGP मुख्यालय, लखनऊ से प्रेषित होकर शक्तिनगर थाना में प्राप्त हुआ, जिसे दिनांक 1 जुलाई 2025 को थाना अध्यक्ष श्री कुमुद शेखर सिंह द्वारा औपचारिक रूप से अभिषेक द्विवेदी को प्रदान किया गया।
प्रशस्ति पत्र में अभिषेक के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें “पुलिस विभाग का ब्रांड एंबेसडर” बताया गया है — जो समाज में उनकी सकारात्मक छवि, युवाओं के बीच प्रभाव और पुलिस विभाग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों को प्रमाणित करता है।
इस अवसर पर थाना अध्यक्ष ने अभिषेक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि, “आज के युवा यदि सामाजिक और रचनात्मक कार्यों में भागीदारी करें, तो वे समाज और प्रशासन के बीच एक मज़बूत सेतु बन सकते हैं।”
अभिषेक द्विवेदी ने SPEL कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को पुलिसिंग की मूलभूत जानकारी देने, कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास निर्माण करने एवं जन-जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों को प्रदेश स्तर पर सराहा गया है।
इस सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई तृतीय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद पांडेय सहित पुलिस विभाग के कर्मी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Comments are closed.