वाराणसी में बाढ़ जैसे हालात, गंगा नदी का बढ़ रहा जलस्तर
वाराणसी में गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जलस्तर बढ़ने से कई घाटों का आपस में संपर्क टूट गया है। इसके अलावा पुलिस की टीमें लगातार लोगों को चेतावनी भी दे रही है।![वाराणसी में बढ़ा गंगा का जलस्तर।]()
निचले इलाकों में प्रशासन कर रहा निगरानी
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार एक तरफ गंगा वाराणसी में स्थिर है, तो वहीं गाजीपुर और फाफामऊ में अभी भी गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी जारी है। ऐसे में वाराणसी के गंगा सभी 84 घाटों के अलावा वरुणा के दबाव को झेलने वाले इलाकों पर सिविल पुलिस, जल पुलिस के साथ एनडीआरएफ ने पैनी नजर रखी हुई है। बीते दिनों खुद काशी जोन के एडीसीपी सरवण टी ने एनडीआरएफ के साथ अस्सी घाट से लेकर नमो घाट तक बाढ़ का जायजा लिया और लोगों को गहरे पानी मे न जाने की सलाह दी है।
किनारों के मंदिर हुए जलमग्न
मंदिरों का शहर कहे जाने वाले बनारस में कई प्राचीन मंदिर गंगा घाट के किनारे हैं, जो काशी को उसकी पहचान दिलाते हैं। बाढ़ का असर घाट के किनारे बने मंदिरों पर भी सीधा पड़ा है। मणिकर्णिका घाट का रत्नेश्वर मंदिर, सिंधिया घाट के मंदिर, पंचगंगा घाट पर बना भव्य शिव मंदिर सहित दशाश्वमेध घाट के कई बड़े और छोटे मंदिर जलस्तर बढ़ने के कारण जलमग्न हो चुके हैं।
सावधानी बरतने की सलाह
गंगा के अलावा वरुणा के किनारे पर बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। ऐसे में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण जिला प्रशासन ने हर साल बनाई जाने वाली बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। हालांकि अभी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से दूर है, ऐसे में एनडीआरएफ और जल पुलिस के अधिकारी लगातार लोगों को सतर्कता बरतने और न घबराने की सलाह दे रहे हैं।

Comments are closed.