U19 World Cup के अब फाइनल की बारी है। भारतीय क्रिकेट टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब उसका खिताबी मुकाबला इंग्लैंड से होगा। टीम इंडिया टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, जो टीम ने किया भी है। अब एक और जीत के बाद टीम इंडिया चैंपियन बन जाएगी। इस बीच पिछले दस साल का पैटर्न देखें तो पता चलता है कि भारतीय टीम इस बार चैंपियन बन सकती है। चलिए आपको बताते हैं कि असल मामला आखिर है क्या।
बात साल 2016 से शुरू करते हैं। ये बात और है कि भारत ने साल 2000 में ही पहला अंडर 19 विश्व कप जीत लिया था। साल 2016 में भारतीय टीम फाइनल तक तो पहुंची थी, लेकिन वहां उसे हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने खिताब मुकाबले में टीम इंडिया को हरा दिया था। इसके बाद साल 2018 में जब फिर से अंडर 19 विश्व कप हुआ तो टीम इंडिया ने ना केवल फाइनल में अपनी जगह बनाई, बल्कि चैंपियन भी बनी। इसके बाद साल 2020 में टीम इंडिया ने फिर से अंडर 19 विश्व कप का फाइनल खेला, लेकिन वहां उसे हार का सामना करना पड़ा और लगातार खिताब जीतने का सपना भी अधूरा रह गया।
अब आते हैं साल 2022 पर। इस साल भारतीय टीम ने फिर से अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की की, इसके बाद फाइनल जीतकर खिताब भी अपने नाम कर लिया था। इसके बाद आते हैं साल 2024 पर। इस साल टीम ने फिर से फाइनल में जगह बनाई, लेकिन इस बार ट्रॉफी जीतने से चूक गई। अब साल 2026 आ चुका है और टीम इंडिया ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यानी अगर इसी पैटर्न को माना जाए तो साल 2016 से लेकर अब तक हर विश्व कप में भारतीय टीम ने फाइनल तक का तो सफर तय किया है, लेकिन एक बार जीत और एक बार हार मिली है। पिछली बार टीम को फाइनल में हार मिली थी, इस बार जीत की संभावना ज्यादा है।
इस दफा अंडर 19 विश्व कप में भारतीय टीम का सामना फाइनल में इंग्लैंड से होगा, जो एक मजबूत टीम नजर आती है। इंग्लैंड की टीम ने पिछले लंबे अर्से से अंडर 19 का विश्व कप नहीं जीता है। साल 1998 में इंग्लैंड ने फाइनल का खिताब अपने नाम किया था, उसके बाद से टीम खिताब जीत के लिए तरस रही है। इस बार इंग्लैंड की टीम ने एक भी मैच अभी तक नहीं हारा है। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर किया और उसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है।
बात भारतीय टीम की करें तो इस टीम ने भी अभी तक एक भी मैच इस टूर्नामेंट में नहीं हारा है। टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। उसके बाद सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को मात दी। ये जीत अपने आप में काफी अहम रही, क्योंकि भारतीय टीम ने 300 से अधिक के स्कोर को बड़ी आसानी से चेज किया। कुल मिलाकर दोनों टीमों को देखें तो ये पक्का है कि मुकाबला काफी रोचक होगा, जो टीम फाइनल के दिन अच्छा खेल दिखाएगी, वो खिताब अपने नाम करने में कामयाब हो जाएगी।
Comments are closed.