भाजपा सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान में विफल – सपा प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी
बलिया : समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विकास, रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय लोगों को गुमराह करने के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक विषयों पर बहस छेड़ रही है।
कान्हजी ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार दावा कर रही है कि सभी अपराधी प्रदेश छोड़ चुके हैं या मारे जा चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर ये अपराध कर कौन रहा है? उन्होंने सरकारी महकमों में व्याप्त भ्रष्टाचार और चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली को भी निशाने पर लिया।
‘इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने से विकास नहीं होगा’
सपा प्रवक्ता ने कहा कि इतिहास की चर्चा करते समय पूरे संदर्भ को देखना जरूरी होता है। जब बाबर का नाम आएगा तो राणा सांगा का भी जिक्र होगा, जब महारानी लक्ष्मीबाई का नाम लिया जाएगा तो ग्वालियर राजघराने की चर्चा भी होगी। लेकिन भाजपा इन ऐतिहासिक पहलुओं को मुद्दा बनाकर जनता का ध्यान असल समस्याओं से भटका रही है।
उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार पर चर्चा चाहता है, किसान एमएसपी पर समाधान चाहता है, मध्यम वर्ग महंगाई से राहत चाहता है और महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा पर बात करना चाहती हैं, लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाकर धार्मिक उन्माद फैलाने का काम कर रही है।
‘संविधान का पालन करें, नफरत की राजनीति बंद हो’
कान्हजी ने कहा कि भारत की आजादी में सभी धर्मों के लोगों ने योगदान दिया है और संविधान सभी नागरिकों को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार देता है। लेकिन सत्ता में बैठे लोग अब धार्मिक आधार पर समाज में विद्वेष फैलाने का कार्य कर रहे हैं, जो देश के हित में नहीं है।
उन्होंने बुद्धिजीवी वर्ग से अपील की कि वे आगे आकर समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ मुखर हों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें।
Comments are closed.