बरेली में भारी बारिश का कहर, 48 घंटे का हाई अलर्ट जारी
बरेली में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है. लगातार दो दिन से जारी मूसलधार बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने जिले में 48 घंटे की भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसकी वजह से आठवीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.![बरेली में भारी बारिश का कहर, जन जीवन अस्त-व्यस्त, 48 घंटे का हाई अलर्ट जारी, आठवीं तक स्कूल बंद बरेली में भारी बारिश का कहर, जन जीवन अस्त-व्यस्त, 48 घंटे का हाई अलर्ट जारी, आठवीं तक स्कूल बंद]()
यूपी के बरेली जिले में लगातार दूसरे दिन बारिश का कहर जारी है. मंगलवार की सुबह करीब चार बजे से तेज बारिश शुरू हो गई, जो रुक-रुककर अभी भी जारी है. भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आठवीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. सुबह जब अभिभावकों के मोबाइल पर स्कूलों से मैसेज आया, तब बच्चों को छुट्टी की जानकारी मिली.
इससे पहले सोमवार को दिनभर रिमझिम से लेकर तेज बारिश होती रही थी. मौसम विभाग ने बरेली और आसपास के इलाकों के लिए 48 घंटे का हाई अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं की वजह से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. बीते 24 घंटे में शहर में 86.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है.

Comments are closed.