भारतीय मजदूर संघ 18 जून को श्रमिकों, कर्मचारियों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी, सोनभद्र को सौंपा जाएगा
भारतीय मजदूर संघ, सोनभद्र द्वारा दिनांक 18 जून 2026 को श्रमिकों, कर्मचारियों एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी, सोनभद्र को सौंपा जाएगा
। जिला मंत्री एल. पी. शुक्ल ने बताया कि ज्ञापन में श्रमिक एवं कर्मचारी हितों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इनमें आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों को लागू करने, न्यूनतम वेतन में वृद्धि, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, आशा, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, एनएचएम कर्मियों, सफाई कर्मचारियों तथा अन्य श्रमिक वर्गों को सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने सहित विभिन्न श्रमिक हितों से संबंधित मांगें प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं।श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश के श्रमिकों एवं कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु सरकार का ध्यान आकृष्ट करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भारतीय मजदूर संघ द्वारा यह ज्ञापन जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से मुख्यमंत्री महोदय को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के विभिन्न संबद्ध संगठनों, इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित होकर श्रमिक हितों के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे तथा जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपेंगे। भारतीय मजदूर संघ ने सभी श्रमिकों एवं कर्मचारियों से इस कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है, ताकि श्रमिक समाज की समस्याओं एवं मांगों को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंचाया जा सके।
Comments are closed.