BJP को नगर निगम में झटका, AAP ने मारी बाजी, बीजेपी पार्षद ने की क्रॉस वोटिंग
नॉर्थ दिल्ली नगर निगम की 6 वार्ड समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सिटी एसपी जोन यानि शहरी-सदर पहाड़गंज और नरेला जोन में बाजी मार ली. शहरी-सदर पहाड़गंज जोन में तो बीजेपी ने जैसे सरेंडर ही कर दिया था, क्योंकि यहां किसी ने नामांकन ही नहीं किया. नरेला जोन में तो हालात ऐसे बने कि जैसे भारतीय जनता पार्टी से AAP ने सीट मांगी हो और बीजेपी ने दे दिया हो.
दरअसल जब बीजेपी पार्षद ज्योति रछोया मतदान से गायब हो गईं तो एक और पार्षद ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी. इसके चलते आम आदमी पार्टी का नरेला जोन के अध्यक्ष पद की सीट पर कब्जा हो गया. आम आदमी पार्टी के रामनारायण ने यह चुनाव एक वोट से जीत लिया.
वहीं उपाध्यक्ष पद पर बीजेपी के ब्रह्म प्रकाश को जीत मिली. जोन में 22 निगम पार्षद हैं. आम आदमी पार्टी के पक्ष में 11 और बीजेपी के पक्ष में 10 पार्षदों ने वोटिंग की. नांगलोई वार्ड से आने वाली पार्षद ज्योति रक्षोया ने एक दिन पहले ही पत्र लिखकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की बात कह दी थी.
वहीं करोलबाग जोन के अध्यक्ष पद पर तेजराम फौर और उपाध्यक्ष पद पर सुनीता, केशवपुरम जोन के अध्यक्ष पद पर योगेश वर्मा और उपाध्यक्ष पद पर सीमा गुप्ता तो रोहिणी जोन के अध्यक्ष पद पर ऋतु गोयल और उपाध्यक्ष पद पर सोहन पाल विजयी रहे.